
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बलात्कार आदि की घटनाओं में कमीं नहीं हो रही है। कानपुर जिले में दरिन्दों ने स्कूल जा रही छात्रा को अगवा कर लिया और दो दिनों तक उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर छात्रा को उनके चंगुल से छुड़ा लिया। जबकि अन्य आरोपी फरार है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
कानपुर जिले के विधनू थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद लोग काफी सहमे हुए हैं। पुलिस के अनुसार रोज की भांति दो दिन पहले ग्यारह बजे धर्मनगर निवासी श्याम नारायण की 20 वर्षीय बेटी तबस्सुम (काल्पनिक नाम) स्कूल पढऩे के लिए घर से निकली थी। रास्ते में दरिन्दों ने उसे नशीला पदार्थ सुंधा दिया और उसे अगवा कर ले गए।
देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुची तो घर वालों ने उसे खोजना शुरू किया। देर रात उसका पता नही चला तो घर वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर ली लेकिन उसका पता लगाने की सुधि नही ली। घर वाले स्वयं उसका पता लगाने में जुट गए। सोमवार को घर वालों को पता चला कि ध्रुव बिहार कालोनी निवासी अनिल कश्यप उसे अगवा कर ले गया।
घर वालों ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस उसके घर पहुंची और आरोपी अनिल कश्यप को गिरफ्तार कर अगवा हुई छात्रा को भी बरामद कर लिया। बरामद छात्रा ने बताया कि दो दिन पहले अनिल ने स्कूल जाते समय नशीला पदार्थ सुंघा कर उसे अगवा कर लिया था। अनिल उसे लेकर सुनील के घर पहुंचा। वहां सुनील का बहनोई सुमित भी पहुंच गया। तीनों ने बारी-बारी से दुराचार किया। मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामला दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।


















