शर्मनाक: दिल्ली में मणिपुर के युवक को चाकू मारा, लूटपाट
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक 22 साल का शेंग येन एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। युवक नाइट शिफ्ट के बाद साकेत इलाके से अपने घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान 4-5 लड़कों ने उसे घेर लिया। इन लड़कों ने शेंग येन से उसका मोबाइल और पर्स छीन लिया। विरोध करने पर इन लड़कों ने मणिपुरी युवक चाकू से ताबड़-तोड़ कई वार कर दिए और फरार हो गए। घायल युवक को गंभीर हालत में साकेत स्थित सिटी हॉस्पिटल में दाखिल करवाया गया। युवक की सर्जरी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस ने बताया कि शेंन ने हमलावरों में से एक को पहचान लिया है। शेंन के परिजनों के मुताबिक हमला करने वाला युवक पड़ोस में ही रहता है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है। उल्लेखनीय है कि रविवार को नॉर्थ-ईस्ट के दो युवकों को बुरी तरह पीटे जाने का मामला सामने आया था। यह घटना अरुणाचल प्रदेश के छात्र नीडो तानिया की मौत के कुछ दिनों बाद सामने आई है, जिसे तानिया के दोस्त नस्लवादी हमला बताते हैं।