रफ्तार की कहर: तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक पुलिस को कुचला, मौके पर ही मौत
कार चालक यातायात कर्मी को करीब 150 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। ट्रैफिक पुलिस की पहचान 25 साल के मानाराम के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के समय कार में दो नाबालिग भी मौजूद थे। दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। घटना शनिवार शाम साढ़े सात बजे जखीरा फ्लाईओवर की है। दिल्ली में साम 5बजे के बाद जखीरा फ्लाईओवर को एक तरफ से बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया जाता है। सिपाही मानाराम यातायात को नियंत्रित कर रहे थे। तभी पंजाबी बाग की तरफ से आई सफेद रंग की रिट्ज कार में सवार चालक ने जबरदस्ती बैरिकेड हटा दिया।
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने पर ड्यूटी पर तैनात मानाराम ने उसे मना किया। मगर वह नहीं माना। कार चालक जबरदस्ती कार को ले जाने लगा। मानाराम जान की परवाह न करते हुए छलांग लगाकर बोनट पर लेट गए और वाइपर को पकड़ लिया। अचानक वाइपर टूटने से वह नीचे गिर गए, कार चालक 150 मीटर की दूरी तक उन्हें घसीटता ले गया और कुचलते हुए फरार हो गया।