एनसीपी-कांग्रेस की बैठक में नहीं सुलझा विवाद
मुंबई। शिवसेना-भाजपा गठबंधन ही नहीं एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन में भी सीटों को लेकर विवाद अभी बना हुआ है। एनसीपी ने राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से 124 सीटों पर लड़ने की कांग्रेस की पेशकश खारिज कर दी है। कहा जा रहा है कि हाल ही सम्पन्न हुई कांग्रेस-एनसीपी की बैठक में भी फैसला नहीं हो सका है। शाम तक फैसला आ सकता है।
कांग्रेस-एनसीपी महाराष्ट्र में पिछले पंद्रह सालों से गठबंधन चल रहा है। इस पर लगातार विवाद बने रहने से सालों पुराना गठबंधन टूटने की कगार पर आ गया है।
वर्ष 2009 का फॉर्मूला चाह रही कांग्रेस
वर्ष 2009 में संपन्न विधानसभा चुनावों में एनसीपी ने 114 सीटों पर और कांग्रेस ने 174 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इसी फॉर्मूले पर कांग्रेस चुनाव चाह रही है। जबकि अपनी जिद पर अड़े रहते हुए एनसीपी कुल 288 में से आधी सीटों पर प्रत्याशी खड़े करना चाहती है। यह तर्क दिया जा रहा है कि राज्य में उसके पास कांग्रेस की तुलना में ज्यादा लोकसभा सीटें हैं।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों में राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन का अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन रहा है। एनसीपी ने 4 लोकसभा सीटें जीतीं और कांग्रेस केवल 2 सीटों पर ही जीत पाई है।