मोदी ने जापान के प्राचीन बौद्ध मंदिर के किए दर्शन
क्योटो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने जापान दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत प्राचीन तोजी मंदिर जाकर की। मोदी के साथ जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे भी थे। मोदी ने मंदिर में पूजा अर्चना की और साथ ही पूरे मंदिर का भ्रमण किया। प्रधानमंत्री करीब आधे घंटे तक प्राचीन बौद्ध मंदिर में रहे। इस दौरान उन्होंने इस बौद्ध पगोडा के इतिहास के बारे में जानकारी ली।
सैकड़ों साल पुराना तोजी मंदिर जापान के सबसे प्राचीन मंदिरों में से एक है। इसकी स्थापना हियान काल के दौरान हुई थी। लकड़ी का बना यह पांच मंजिला पगौडा 187 फुट ऊंचा है और जापान की लकड़ी की सबसे ऊंची इमारत है। मंदिर के प्रमुख बौद्ध भिक्षु मोरी ने प्रधानमंत्री को पांच मंजिला मुख्य पगोडा तथा लकड़ी से बने मंदिर में घुमाया। इसे शहर के कई स्थानों से देखा जा सकता है।
एक अन्य बौद्ध भिक्षु हासी भी मोदी के साथ थे। उन्होंने बताया, हम प्रसन्न हैं कि प्रधानमंत्री इस मंदिर में आए। मोदी बहुत बड़े दिल वाले हैं, उनका आना हमारे मंदिर के लिए गर्व की बात है। जब मोदी मंदिर पहुंचे, तो वहां उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में भारतीय तिरंगा लेकर खड़े थे। मोदी ने उत्साहित लोगों से हाथ मिलाया।
PM
@narendramodi
and
PM
@abeshinzo
visit
the
Toji
Temple
in
Kyoto,
Japan
#NaMoInJapan
pic.twitter.com/1AdbVXHju9
—
PIB
India
(@PIB_India)
August
31,
2014
तोजी मंदिर क्योटो में स्थित कई यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों में से एक है। जापान में आज प्रधानमंत्री मोदी क्योटो के गवर्नर से मुलाकात करेंगे। साथ ही स्टेम सेल रिसर्च के लिए यहां की मशहूर कोबे यूनिवर्सिटी का दौरा भी करेंगे।
इसके बाद शाम को प्रधानमंत्री जापान की राजधानी टोक्यो के लिए रवाना हो जाएंगे। सोमवार को स्टेट गेस्ट हाउस में प्रधानमंत्री का आधिकारिक स्वागत होगा। सोमवार को ही डेलीगेशन स्तर की बातचीत शुरू होगी और भारत-जापान के बीच अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे।
गौरतलब है कि जापान के साथ आपसी संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिये पांच दिनों की जापान यात्रा पर गए गये मोदी का आज यहां दूसरा दिन है।