आज से मोदी का भारत विजय अभियान, 185 रैलियों को करेंगे संबोधित
चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा कर दी है, जिसके बाद से मोदी पूरे दम खम के साथ इस अभियान को सफल बनाने में जुट जाएंगे।
आज वह ऊधमपुर- डोडा संसदीय क्षेत्र में हीरानगर तहसील में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे, इसके बाद बुलंदशहर और दिल्ली जाएंगे।
वहीं चुनाव के दृष्टिकोण से देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में मोदी की लगभग 20 रैलियां आयोजित करने की योजना है, जिसमें से आठ हो चुकी हैं। वाराणसी सीट देश भर में चर्चा का विषय बन गयी है। इस सीट पर आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल, मोदी को चुनौती दे रहे हैं। केजरीवाल ने कल यहां रैली की थी और मोदी के विकास के दावों को खोखला बताया था।
भाजपा नेतृत्व भी केजरीवाल को गंभीरता से ले रहा है क्योंकि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में वह शीला दीक्षित को बड़े मार्जिन से हरा चुके हैं। मोदी आम चुनाव में वाराणसी और बड़ोदरा से चुनाव लड़ रहे हैं।