63 साल के मोदी युवाओं को खींचने में रहें कामयाब, राहुल हो गए फेल : दिग्विजय
नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार अब बहुत पुरानी बात हो चुकी है, लेकिन पार्टी अब तक इस हार के दर्द से अबर नहीं पाई है। हार के तीन महीनों बाद पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने चुप्पी तोड़ी है। दिग्विजय सिंह हार की समीक्षा करते हुए पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी को हार के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के काफी करीबियों में गिने जाने वाले दिग्विजय सिंह ने कहा कि अहम मुद्दों पर राहुल की चुप्पी ही 'धारणाओं की लड़ाई' में कांग्रेस की हार की वजह बनी। दिग्विजय ने कहा कि पार्टी को पुर्नजीवित करने के लिए जरूरी है, उपाध्यक्ष राहुल ज्यादा दिखें और उन्हें ज्यादा सुना जाए।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक दिग्विजय ने कहा कि कांग्रेस अपनी उपलब्धियों का बाजार नहीं बना सके लेकिन भारतीय जनता पार्टी हमारी नाकामियों का बाजार बना दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि देश के लोग राहुल का पक्ष जानना चाहते हैं। वह जानना चाहते हैं कि ब्रैंड राहुल है क्या?' दिग्विजय ने साफ-साफ कहा कि एक 63 साल के नेता ने युवाओं को आकर्षित कर लिया लेकिन एक 44 साल का नेता ऐसा नहीं कर सका।
दिग्विजय सिंह का इशारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर था। मोदी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि 63 साल के मोदी युवाओं को अपनी ओर खींचने में सफल रहे जबकि 44 साल के राहुल इस मामले में पिछड़ गए। वहीं बिहार में एरजेडी और जेडीयू के गठबंधन पर दिग्विजय ने कहा कि शख्सियतों ने सिद्धांत को पीछे कर दिया है, जिसके लिए हमें सजग रहना होगा।