10 साल में कांग्रेस सरकार ने जल, थल और नभ में घोटाले किए: मोदी
मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि बीते 10 वर्षो में कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार ने जल, थल और नभ में घोटाले किए हैं। सरकार को इन घोटालों पर जवाब देना चाहिए, मगर देश को लूटने वाले ऐसा नहीं कर रहे हैं, क्योंकि उनका अहंकार सातवें आसमान पर है। वे जनता को जवाब देना उचित नहीं समझते। मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बैगर कहा कि कांग्रेस के शहजादे मध्य प्रदेश आकर महिलाओं से चर्चा करते हैं, मगर महंगाई का उन्हें ख्याल तक नहीं आता।
उन्होंने 2009 के चुनाव में 100 दिन के भीतर महंगाई कम करने वादा किया था, इसीलिए जनता ने उनकी सरकार बनवाई थी, मगर महंगाई कम होने की बजाय बढ़ती ही जा रही है। कांग्रेस पर हमले करते हुए मोदी ने जनता से कहा कि कांग्रेस के हाथ को पहचानना जरूरी है, वे पहले हाथ मिलाते हैं, फिर धीरे-धीरे हाथ दिखाते हैं और फिर हाथ की सफाई शुरू कर देते हैं। अब यह देश किसी की भी हाथ की सफाई नहीं चलने देगा। मोदी शुक्रवार को राज्य के प्रवास पर हैं। उनकी मंडला के बाद बालाघाट में जनसभा है। मोदी के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी हैं।