
आगरा। लोगों की रक्षा करने वाली पुलिस ही अब लोगों की जान लेने लगी है। आगरा में रविवार को एक तेज रफ्तार पुलिस जीप ने मासूम बालिका को रौंद दिया। पुलिस जीप ने बालिका को उस वक्त रौंद दिया जब वह अपने घर के बाहर सब्जी खरीद रही थी। बालिका को कुचलने के बाद पुलिस वाले जीप लेकर फरार हो गए। आस-पास के लोगों ने उसे चिकित्सालय पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गयी।
जनता के प्रति पुलिस की ज्यादती किसी से छिपी नहीं है कभी पुलिस थाने के भीतर बलात्कार तो लोगों से अभद्र व्यवहार। पुलिस वालों द्वारा सरेआम लोगों को पीटना कोई नहीं बात नहीं। इसी क्रम में रविवार को पुलिस ने एक मासूम को जीप से कुचल दिया। आगरा के खेरागढ़ इलाके में सीमा नाम की छह वर्षीय बच्ची सीमा अपने घर के सब्जी के ठेले से सब्जी ले रही थी।
उसकी मां घर के भीतर थी उसी वक्त खेरागढ़ थाने की तेज रफ्तार जीप उधर आयी और सीमा को कुचलती हुई आगे निकल गयी। सीमा गंभीर रूप से घायल हो गयी जिसके बाद भी पुलिस वाले वहां नहीं रूके। लोगों ने दौड़कर सीमा को उठाया और चिकित्सालय ले गए लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों का कहना है कि सीमा ने पहले ही दम तोड़ दिया है।
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जामकर प्रदर्शन किया। गुस्साये लोगों ने थाने का घेराव कर करीब एक घंटे तक रास्ता जाम रखा और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों के गुस्से को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास करने लगे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच करा दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।


















