
लखनऊ। जिस पत्नी के जीवन की रक्षा तथा उसे प्यार देने की कसमें खाते हुए पति ने निकाह पढ़ा और जीवन भर साथ देने का वायदा किया पलक झपकते ही सारे वायदे भूल अपनी प्यारी पत्नी को कैंची से गोद दिया। घरेलू कलह के चलते पति ने पत्नी की कैंची से गोद कर निर्मम हत्या कर दी। पत्नी की हत्या करने के बाद वह मौके से फरार हो गया और अब पुलिस उसकी तलाश में है।
गाजियाबाद जिले के विजयनगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी है। पुलिस का कहना है कि बदांयू जिले के जगतपुर निवासी गुड्डू खान मबई मोहल्ले में रहता था। गुड्डु रविन्द्र कुमार के मकान में किराये पर परिवार के साथ रहता था। आस-पास के लोगों का कहना है कि गुडडू की 27 वर्षीय पत्नी यास्मीन से आए दिन किसी न किसी बात पर विवाद होता रहता था और दोनों खूब झगड़ते थे।
रोजाना होने वाले झगड़ों से मकान मालिक भी परेशान था और उनसे घर छोडऩे को कहता रहता था। रविवार की सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया। विवाद के चलते गुड्डु ने पत्नी यास्मीन के शरीर पर कैंची से कई वार किये जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गयी। पति द्वारा हमला किए जाने पर पत्नी जोर से चिल्लाती रही पहले पहल तो पड़ोसियों ने उसे सामान्य समझा क्योंकि यह रोज की ही बात था। लेकिन चीखें जोर से सुनायी देने पर मकान मालिक रविन्द्र की पत्नी वहां पहुंची।
कमरे में यास्मीन को लहूलुहान देखकर घबरा गई और पुलिस को सूचना दी। पत्नी को अधमरा करने के बाद पति मौके से फरार हो चुका था। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल यास्मीन को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक घरेलू कलह के चलते पति ने पत्नी को मार डाला।


















