
नई दिल्ली। लंदन ओलंपिक की कुश्ती स्पर्धा में भारत के लिए रजत पदक जीतने वाले पहलवान सुशील कुमार पर इनामों की बारिश होना शुरू हो गयी है। लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतकर इतिहास रचने वाले सुशील को दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने एक करोड़ रूपये देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं दिल्ली वासियों की तरफ से सुशील को बधाई देती हूं, उन्होने हमें गौरवान्वित किया है, पूरा देश उन पर गर्व करता है।
सुशील कुमार भारतीय रेलवे के कर्मचारी हैं, पदक जीतने पर रेलवे ने सुशील को 75 लाख और उनके गुरू महाबली सत्पाल को भी 1 लाख रूपये देने की घोषणा की है। रेलमंत्री मुकुल रॉय ने कहा है कि रेलवे को उनकी कामयाबी पर गर्व है।
दिल्ली के अलावा हरियाणा सरकार ने भी सुशील को 1.5 करोड़ रूपये इनाम में देने की घोषणा की है।
ओलंपिक में पदक जीतने के साथ ही सुशील का भारतीय खेलों के इतिहास में नाम रोशन हो गया है। वह एक ऐसे खिलाड़ी बन गये हैं जिन्होने भारत के लिए लगातार दो ओलंपिक में पदक जीते हैं। लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीतने से पहले सुशील ने 2008 के बीजिंग ओलंपिक में कुश्ती स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।


















