
दिल्ली। राजनीति के गलियारे से एक सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। खुलासा यह है कि राहुल गांधी पर लगे बलात्कार का आरोप समाजवादी पार्टी की एक चाल थी। इस बात को सपा के एक पूर्व विधायक ने बताया है। सपा के पूर्व विधायक किशोर समरिते ने यह खुलासा किया है कि कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के खिलाफ याचिका दायर करने के लिये उनकी पार्टी ने ही उनसे कहा था। आपको बताते चलें कि सपा के पूर्व विधायक किशोर समरिते ने 2010 में इलाहाबाद हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की थी। याचिका में राहुल गांधी पर अमेठी की एक लडकी को बंधक बनाकर रेप करने का आरोप लगाया गया था।
किशोर के अनुसार पार्टी के सीनियर नेताओं के कहने पर उसने यह याचिका दायर की थी। किशोर ने इस बात का खुलासा सुप्रीम कोर्ट को दिए एक बयान में किया है। किशोर ने यह बात तक कही जब अखिलेश यादव की सरकार ने ऎफिडेविट में कहा कि किशोर अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। किशोर का कहना है कि पार्टी अब इससे पल्ला झाड़कर उसे बलि का बकरा बनाना चाहते हैं। किशोर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट जाने पर जब सीबीआई ने उससे पूछताछ की तो उस वक्त भी उसने सीबीआई को सारी सच्चाई बता दी थी।
वहीं दूसरी तरफ किशोर समरिते को समाजवादी पार्टी ने आज चेतावनी दी है कि उसने अगर पार्टी के नाम का इस्तेमाल करना नहीं छोड़ा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सपा ने दावा किया है कि समरिते को 2009 में ही पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व ने राज्य इकाई को हिदायत दी है कि वह समरिते को कानूनी नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगे कि वह पार्टी के नाम का दुरूपयोग क्यों कर रहा है। अगर वह पार्टी के नाम दुरूपयोग जारी रखता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराके कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए।


















