
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश राजधानी के माल थाने में एक महिला के साथ दुराचार के प्रयास की कोशिश की घटना अभी लोग भूल नहीं पाये थे कि एक बार फिर वर्दी पर दाग लग गया। इस पर कुशीनगर जिले में एक दारोगा और चौकीदार ने एक महिला को चौकीदारी की नौकरी दिलाने के नाम पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में महिला की तहरीर पर आरोपी दारोगा और चौकीदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें निलम्बित कर दिया गया।
एसपी कुशीनगर विजय कुमार गर्ग ने बताया कि गौनही जंगल में रहने वाली एक 35 वर्षीय महिला को चौकीदारी की नौकरी दिलान के लिए चौकीदार विजय वर्मा बीते 17 जुलाई को उसको दारोगा वीरेन्द्र के कमरे पर बुलाकर ले गया।
महिला का आरोप है कि उन लोगों ने उसको शराब पिलायी और फिर जब वह नशे में हो गयी तो दारोगा और चोकीदार ने मिलकर उसके साथ दुराचार किया। इस घटना के बाद दोनों ने उसको मुंह बंद रखने की धमकी भी दी। महिला डर के चलते वहां से चली तो गयी पर रविवार की शाम उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी इलाके के पुलिस अधिकारियों को दी। दारोगा और चौकीदार द्वारा दुराचार की खबर पाकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये।
छानबीन के बाद आरोपी दारोगा और चौकीदार के खिलाफ दुराचार और बंधक बानने का मामला खड्डा थाने में दर्ज किया गया है। पीडि़त महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। उधर मामला गंभीर होता देख दरोगा व चौकीदार को निलम्बित कर दिया गया।


















