
नयी दिल्ली। भारतीय रेलवे ने दलालों की गिद्ध दृष्टि से तत्काल टिकटों को बचाने के लिए 10 जुलाई से नये दिशानिर्देश लागू किए हैं। रेलवे ने कहा कि तत्काल टिकट अगले दिन की ट्रेनों के लिए सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण काउंटरों और गैर आरक्षित टिकट काउंटरों पर सुबह दस से साढ़े दस के बीच विशेष रूप से जारी किए जाएंगे।
रेलवे में तत्काल योजना के तहत टिकटें आरक्षित कराने का समय मंगलवार से बदल जाएगा। रेल मंत्रालय ने 10 जुलाई से तत्काल टिकटों की बिक्री शुरू होने का वक्त सुबह आठ बजे से बदलकर दस बजे करने का निर्णय किया है। रेलवे के मुताबिक आज से सुबह दस बजे से तत्काल टिकटों की बिक्री शुरू होगी।
तत्काल के तहत यात्रा शुरू होने से एक दिन पहले टिकट बुक होती है। नयी योजना के तहत सुबह 10 से 12 बजे तक की अवधि के दौरान कोई भी अधिकृत एजेंट टिकट काउंटर या इंटरनेट से तत्काल टिकट बुक नहीं करा पायेगा। पहले सुबह आठ से दस बजे तक एजेंटों के टिकट बुक कराने पर रोक थी।
स्थानीय रेलवे प्रशासन नयी योजना को ढंग से लागू करने के लिए आरक्षण काउंटर स्तर पर व्यवस्था कर रही है जिनमें तत्काल के लिए अलग से काउंटर खोलने, अलग से लाइन लगाने और किसी प्रकार की अनियमितता पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाना आदि शामिल हैं। इस कदम को रेलवे की तत्काल सेवा को बेहतर बनाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है जिसके खिलाफ पिछले कुछ दिनों से काफी शिकायतें आ रही थीं।


















