लखनऊ। उत्तर प्रदेश की जनता भले ही सपा सरकार से संतुष्टï न हो और कई समस्यों के दूर न होने की बात करती हो लेकिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने बेटे की सरकार के एक सौ दिन पूरे होने पर उसे सौ में सौ अंक दिए। मुलायम ने यहां कहा कि सरकार ने एक सौ दिन में सराहनीय काम किया है और चुनावी घोष्णा पत्र में किये वायदो को पूरा करने में तेजी से कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जो कमियां रह गयी हैं वह जल्द ही दूर कर ली जाएंगी।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि वैसे तो सरकार के कामकाज की समीक्षा छह माह बाद की जानी चाहिये लेकिन सरकार के एक सौ दिन में किये काम के आधार पर पूरे एक सौ अंक दिये जाते हैं। लोगों के आरोपों के विपरीत श्री यादव ने कहा कि अपराध नियंत्रण में है। कानून व्यवस्था पर सरकार की पकड़ है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। लूटपाट बंद है और तबादले में पैसे की बात नहीं हो रही है लिहाजा यह सरकार पूरे एक सौ अंक पाने की हकदार है।
यादव ने कहा चूकि लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे है इसलिये पार्टी पूरी तैयारी में लगी है। उन्होंनें गैर कांगेंस, गैर भाजपा के तीसरे मोर्चे के बारे मे अभी कुछ भी कहने से इन्कार किया। सपा अघ्यक्ष ने कहा कि इस बारे में किसी दल के किसी नेता से बात नहीं हुई है।
पार्टी स्थिति के अनुसार इस बारे में निर्णय लेगी। सपा अध्यक्ष ने फिर राष्ट्रपति पद के लिये संयुक्त प्रगतिशील गठबंघन प्रत्याशी प्रणव मुखर्जी को समर्थन की बात दोहरायी और कहा कि यह समर्थन कांग्रेस या संप्रग को नहीं बल्कि श्री मुखर्जी को है क्योंकि राष्ट्रपति किसी दल का नहीं होता। श्री मुखर्जी इस पद के लिये सबसे योग्य उम्मीदवार हैं। उन्होंनें कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आगामी दस और 11 जुलाई को कोलकाता में होने वाली बैठक को राष्ट्रपति चुनाव को देखते हुये स्थगित किया गया है। चुनाव के बाद बैठक की तारीख और स्थान की घोषणा की जायेगी।



















