
नयी दिल्ली। सदियों से चला आ रहा बॉलीवुड रेखा और जया बच्चन का झगड़ा एक बार फिर उभर कर सामने आ गया है। जैसे ही रेखा को राज्य सभा सांसद बनाये जाने पर अंतिम मुहर लगी, वैसे ही मीडिया में खबरें दौड़ने लगीं कि उच्च सदन में एक नया सिलसिला शुरू होने वाला है। लेकिन मीडिया के तमाम कयास तब ठंडे पड़ गये जब जया ने रेखा के साथ बैठने से इंकार कर दिया। कारण चाहे जो भी हों, लेकिन सीट के नीचे से एक सवाल जरूर निकल कर आया है- क्या जया और रेखा में अब भी कोई टसल चल रही है?
असल में राज्य सभा में जया बच्चन सदन में 91 नंबर सीट पर बैठती हैं। रेखा और सचिन के लिए सीट नंबर 98 और 99 निर्धारित की गई हैं, जो जया के ठीक पीछे है। रेखा का राज्यसभा में दाखिला हुए देर भी नहीं हुई थी कि जया ने अपनी सीट बदलने की अर्जी दे डाली। हालांकि इसके पीछे उनका तर्क यह है कि 91 सीट के बगल की सीट पर उनके साथ स्वर्गीय बृजभूषण तिवारी बैठते थे, अब वो इस दुनिया में नहीं हैं। लिहाजा सदन वो सीट उनकी याद दिलायेगी। जया बच्चन ने अपनी सीट किरणमोई नंदा (143) से बदलने का फैसला किया है।
हालांकि अभी इस बात की जानकारी नहीं मिल पायी है कि क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के साथ ही रेखा कब शपथ लेंगी। पिछले सप्ताह ही संप्रग ने उन्हें उपरी सदन के लिए नामांकित किया था।
जया का तर्क कितना सही है, यह तो तब पता चलेगा जब दोनों अभिनेत्रियां सदन में एक दूसरे के सामने होंगी। लेकिन अगर ऐसा नहीं है, तो साफ है कि फिल्म सिलसिला के बाद से दोनों के बीच बनीं दूरियां आज भी कायम हैं। यह सवाल बार-बार इसलिए भी गहराता है, क्योंकि पिछले साल एक फिल्म समारोह के दौरान जब दोनों आमने-सामने पड़ी थी, तब जया ने रेखा को गले लगा लिया था।


















