बाराबंकी। बाराबंकी जिले के टिकैटनगर क्षेत्र में बलात्कार में नाकाम रहने पर नाबालिग लडकी को मिट्टी का तेल डालकर जलाने के आरोपी को पुलिस ने देर शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे उसके गांव लतरौड़ा गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि युवक सोनू अपने ननिहाल आया हुआ था और उसने घर में अकेली युवती को देखकर बलात्कार का प्रयास किया, सफलता न मिलने पर उसने मिटटी का तेल डालकर उस पर आग लगा। सोनू ने बताया कि उसे डर था कि वह सबको इस घटना के बारे में बता देगी जिस कारण उसने ऐसा किया।
गौरतलब है कि राजधानी से सटे जिले बाराबंकी में एक युवक ने घर में घुसकर अकेली लड़की से बलात्कार किया फिर उस पर मिटटी का तेल डालकर आग लगा दी। लड़की को आग लगाकर युवक फरार हो गया जबकि लड़की ने हिम्मत दिखाते हुए जैसे-तैसे आग बुझायी और शोर मचाकर गांव वालों को बुलाया। गांव वालों ने उसे चिकित्सालय में भर्ती करा दिया। दूसरी ओर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है।
बाराबंकी के बसंतपुर परता गांव में रहने वाला युवक सोनू तिवारी गांव की एक युवती के घर घुस गया। सोलह वर्षीय युवती घर पर अकेली थी। युवती के घर में अकेले होने की बात जानकर सोनू ने उसे डरा धमकाकर बलात्कार किया। युवती के साथ बलात्कार करने के बाद सोनू ने उसे मिटटी का तेल डालकर आग लगा दी। जब युवती जलने लगी तो उसने घर का दरवाजा बाहर से बंद किया और भाग गया। आग लगने पर बदहवास युवती ने हिम्मत दिखाते हुए किसी प्रकार आग बुझायी और जोर-जोर से चिल्लाने लगी।
युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव वाले मौके पर आ गये और दरवाजा खोलकर युवती को बाहर निकाला। पचास प्रतिशत से अधिक जल चुकी युवती ने बताया कि उसके साथ सोनू नाम के युवक ने ऐसा किया। युवती ने बताया कि सोनू ने आग लगाने से पहले उसकी इज्जत लूटी। गांव वालों ने बुरी तरह से झुलसी युवती को लखनऊ के ट्रामा सेन्टर में भर्ती कराया। चिकित्सकों का कहना है कि युवती का शरीर पचास प्रतिशत से अधिक जल चुका है और उसके बचने की संभावना कम ही है। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ट्रामा सेन्टर पहुंची जहां युवती ने अपने बयान में सोनू तिवारी पर आरोप लगाए। युवती के बयान के बाद पुलिस अब आरोपी सोनू को खोज रही है।



















