बिहार के नालंदा में प्रथम महिला थाना खुला
इस थाने का संचालन महिला पदाधिकारी ही करेंगी और समस्याओं का समाधान करेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला मुख्यालय में शुरू हुए इस थाने में महिला पदाधिकारी ही महिलाओं की बात सुनेंगी और उनका समाधान करेंगी। इस थाने में महिला के खिलाफ अत्याचार, पारिवारिक विवाद और अन्य संबंधित मामलों का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि महिला पदाधिकारी इस थाने में परामर्श भी उपलब्ध कराएंगी।
इस प्रकार की सुविधा से वैवाहिक रिश्तों में आयी अड़चनों को दूर करने में सहायता मिलेगी। नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में इसी प्रकार के 39 महिला पुलिस थाने और खोले जाएंगे। राज्य के पहले महिला थाने की अध्यक्ष सब इंस्पेक्टर अंजू कुमारी को नियुक्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र राणा ने कहा कि महिलाओं से संबंधित मामलों को बिहारशरीफ महिला पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।