संडे से पहले नहीं मिलेगी ठंड से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को एनसीआर के अलावा पटियाला, अंबाला, करनाल, रोहतक, मेरठ, आगरा, बरेली और ग्वालियर में सुबह घना कोहरा रहा। दृश्यता 50 मीटर से भी नीचे दर्ज हुई। जम्मू-कश्मीर और पहाड़ी इलाकों की बर्फबारी-ठंडी हवाओं से दिल्ली, हिसार, नामौल, चुरु, पिलानी और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 4 डि.से. से नीचे दर्ज किया गया। मैदानी इलाके की बात करें तो सबसे नीचे 1.6 डि.से. न्यूनतम तापमान एरिनपुरा (राजस्थान) का दर्ज किया गया। दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा के अलावा पंजाब व यूपी के कुछ इलाकों में शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ाए रखी। 22 जनवरी को फिर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमालय के आसपास और उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा।
इससे न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज होगी। मौसम विभाग के निदेशक सुदेवन ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल से चलने वाली उत्तरी बर्फीली हवाओं के कारण दक्षिण भारत को ठंड हो रही है। वहां का न्यूनतम तापमान कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश में 15-24 डि.से. के बीच है जो सामान्य से 3-4 डि.से. नीचे है। यही वजह है कि सर्दी का अहसास हो रहा है। उत्तर भारत में इस वर्ष सर्दी 15 फरवरी के आसपास तक रहेगी। एनसीआर की बात करें तो दिल्ली का मौसम सबसे ठंडा रहा। सफदरजंग केंद्र पर बेशक न्यूनतम तापमान 4.8 डि.से. दर्ज किया गया लेकिन नरेला, मंगेशपुर और जाफरपुर में न्यूनतम तापमान 3 डि.से. से नीचे दर्ज किया गया। हवा में अधिकतम नमी 97 फीसदी और न्यूनतम 64 फीसदी दर्ज की गई। अगले दो दिन मौसम कुछ इसी तरह का बना रहेगा।