पंजाब में सूची जारी होने के बाद कांग्रेस में बगावत के सुर
विधानसभा चुनावों के लिए जारी उम्मीदवारों की सूची में जालंधर केंद्रीय से राज कुमार गुप्ता और जालंधर छावनी से जगबीर बराड़ का नाम शामिल है। राजकुमार गुप्ता पहले भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं लेकिन पिछले चुनावों में पार्टी से टिकट कट जाने के बाद उन्होने भाजपा का दामन थाम लिया था।
जालंधर में पिछले साल हुई कांग्रेस की रैली में गुप्ता विधिवत प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह की उपस्थिति में कांग्रेस में फिर से शामिल हो गए। गुप्ता को टिकट दिये जाने के बाद जालंधर नगर निगम में विपक्ष के नेता जगदीश राजा की अगुर्वाइ में केंद्रीय इलाके के 13 पूर्व और वर्तमान कांग्रेसी पार्षद विरोध कर रहे हैं। वे उनसे टिकट वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
इन सबने प्रेस कॉफ्रेंस में कहा कि अलाकमान को दो दिन का वक्त दे रहे हैं अगर उन्होंने प्रत्याशी नहीं बदले तो वह पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ राजिंदर बेरी को आजाद उम्मीदवार के तौर पर खडा करेंगे। गौरतलब है कि जालंधर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से पार्षद राजेंदर बेरी टिकट के प्रबल दावेदार थे। उन्हें टिकट नहीं दिया गया।