मडगांव। स्थानापन्न खिलाड़ी मुसाकांया ब्रूस बीवाल्या की हैट्रिक के दम पर जाम्बिया ने भारत को फुटबाल का ककहरा सिखाते हुए अंतर्राष् zwj;ट्रीय नुमाइशी मैच में 5-0 से रौंद दिया। जाम्बिया ने पहले हाफ में 1-0 की बढत बना ली थी और दूसरे हाफ में चार गोल दागे। उसके लिये मूलिलो जिम्मी चिसांबा (14वां), सिताली जोसेफ मुशुम्बा ने 55वें मिनट में शानदार गोल किया। उसके बाद और बीवाल्या ने 69वें, 72वें और 90वें मिनट में शानदार गोल ठोके। अफ्रीकी टीम ने अपनी रफ्तार, दम खम और लय से भारतीयों को मैच में उबरने ही नहीं दिया। गेंद पर नियंत्रण में भारतीय कहीं नजर नहीं आये। डिफेंडर सैयद रहीम नबी को छकाकर जाम्बिया के लिये पहला गोल 14वें मिनट में चिसांबा ने किया। भारतीय खिलाडि़यों ने लंबे पास के जरिये विरोधी डिफेंस को तोड़ने की नाकाम कोशिश की। भारत को 18वें मिनट में मौका मिला लेकिन स्टीवन डायस की फ्लैग किक पर सुशील सिंह का हेडर डिफेंडर सिताली जोसफ ने बचा लिया। जाम्बियाई खिलाडि़यों ने भारतीय गोल पर कई हमले बोले। किटोंगो फेलिक्स के पास पर गोलकीपर करणजीत सिंह को डाइव लगाकर गोल बचाना पड़ा।