दिल्ली पहुंची आडवाणी की जनचेतना यात्रा का आज अंतिम दिन
आपको बता दें कि आडवाणी का यह रथ पिछले 40 दिनों में 22 राज्यों और पांच केन्द्र शासित प्रदेशों की यात्रा करके दिल्ली में प्रवेश कर रहा है। 11 अक्टूबर को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली बिहार के सिताबदियारा से भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना बिहुल फूंकने वाले आडवाणी ने अपने संबोधन में कहा था कि यह यात्रा उनकी अब तक की सबसे सफल यात्रा है। मालूम हो कि आडवाणी की यह 6ठीं रथयात्रा है।
शनिवार को गाजियाबाद पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि 2012 जवाबदेही का वर्ष होगा। अपनी पहली की यात्राओं से इस यात्रा को अलग बताते हुए आडवाणी ने कहा कि इसके पहले उन्होंने जो पांच यात्राएं कीं उनका मार्गदर्शन उनके सहयोगी अटल बिहारी बाजपेयी ने किया था लेकिन इस बार उन्होंने इसका बी़डा स्वयं उठाया।
हालांकि इस बार की यात्रा उनकी विवादों के घेरे में भी रही। मध्यप्रदेश में जहां उनकी यात्रा में पत्रकारों को पैसे देने का आरोप लगा तो वहीं उनकी यात्रा में अवैध लोगों के पैसे लगे होने की बात भी कही गयी। खैर देखना दिलचस्प होगा की आडवाणी की यह यात्रा भाजपा और खुद आडवाणी के लिए क्या गुल खिलाती है।