
बैंगलुरु। बैंगलुरु में बुधवार की शाम एक मैरेज हॉल के अंदर जबरदस्त धमाका हुआ। धमाका इतना भयंकर था कि पूरी इमारत ढह गई और 10 लोग उसमें दब गये। धमाका रसोई गैस के फटने से हुआ था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाडि़यों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इमारत के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। बाहर निकाले गये 10 लोगों में से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजते हुए घायलों को इलाज के लिये पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंगलुरु के सुमानाहल्ली इलाके में स्थित कल्याण मंडप नामक मैरिज हॉल में देर शाम रसोई गैस फटने से एक जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते मैरिज हॉल की इमारत गिर गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना पाकर पुलिस और दमकल विभाग की गाडि़यां मौके पर पहुंच गई।
बचाव कार्य शुरु कर दिया गया। पता चला कि इमारत के अंदर लगभग 10 लोग फंसे हैं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और फिर मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय कविता नामक एक युवती की मौके पर मौत हो गई जबकि अन्य सभी लोगों को गंभीर चोटें आईं थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा और घायलों को इलाज के लिये पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों में से एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है।




















