
नई दिल्ली। रानीबाग पुलिस ने नाबालिग को अगवा कर उससे रेप करने वाले दो भाइयों सजावल और गिरदावल को मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। घटना के बाद नाबालिग को मुक्त करा लिया गया था लेकिन दोनों आरोपी फरार हो गए थे। अदालत ने उन्हें भगोड़ा करार दिया था। जिला पुलिस उपायुक्त मीनू चौधरी ने बताया कि सभी थाने को निर्देश दिया गया है कि भगोड़ा और काफी दिन से फरार चल रहे बदमाशों की धरपकड़ करें।
इसी के तहत रानीबाग में तैनात हवलदार रामलखन को सूचना मिली कि अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार दो भाई सजावल और गिरदावल मिर्जापुर (यूपी) में हैं। दोनों खिलाफ ओखला थाने में वर्ष 1992 में 14 वर्षीय किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज है। दोनों ने बताया कि वर्ष 1992 में दोनों ओखला स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। सजावल ने 17 मार्च 1992 में शादी की नीयत से पड़ोसी 14 वर्षीय किशोरी को अगवा कर लिया। दोनों उसे मिर्जापुर ले गए जहां शादी का झांसा देकर दोनों ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद वहां दबिश दी और नाबालिग को मुक्त करवा लिया। लेकिन दोनों फरार हो गए। उसके बाद से दोनों यूपी के विभिन्न जिलों में फेरी लगाते थे।


















