चंडीगढ़। यह खबर चौंकाने के साथ-साथ हरियाणा के लिए दुर्भाग्यपूर्ण भी है। हरियाणा के राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया को राजभवन में बासी खाना परोस दिया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राज्यपाल पहाड़िया इससे बेहद नाराज हैं और उन्होंने राजभवन के किचन को एक सप्ताह के लिए बंद करने का आदेश दे दिया है। फिलहाल राजभवन के कर्मचारी बाहर से चाय व स्नैक्स मंगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि 23 जून की रात के खाने पर राजभवन के रसोइए ने बदबूदार दाल राज्यपाल को परोस दी।
इससे राज्यपाल गुस्सा हो गए। फिलहाल दोषी रसोइए को काम से निकाल दिया गया है। हरियाणा राजभवन में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। पिछले साल हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को खराब खाना परोसा गया था। हालांकि समय रहते इसका पता चल जाने पर खाने को तुरंत बदल दिया गया था।



















