इन खेलों में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए भारत के स्टार निशानेबाज गगन नारंग ने 50 मीटर रायफल की 3 पोजीशन स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। इन खेलों में उनका यह चौथा स्वर्ण है।पुरुषों की 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल युगल स्पर्धा में भारत के विजय कुमार और हरप्रीत सिंह की जोड़ी ने न्यूजीलैंड और सिंगापुर के निशानेबाजों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। अब भारत के कुल स्वर्ण पदकों की संख्या 22 हो गई।डॉक्टर कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में इन दोनों ने संयुक्त रूप से 1159 अंक हासिल किए। न्यूजीलैंड इस स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहा और उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा। कीवी जोड़ी ने 1140 अंक हासिल किए। सिंगापुर की जोड़ी ने 1139 अंक हासिल करके कांस्य पदक अपने नाम किया।भारत की यह जोड़ी नौ अंकों के फासले से इस स्पर्धा का विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूक गई। वर्ष 1994 के विक्टोरिया (कनाडा) राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के ही जसपाल राणा और अशोक पंडित की जोड़ी ने इसी स्पर्धा में 1168 अंक हासिल करके विश्व रिकॉर्ड बनाया था।इतना ही नहीं, भारत ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल (युगल) स्पर्धा में भी कांस्य पदक हासिल किया है।भारत की सोमा शिरुर और कविता यादव की जोड़ी ने कुल 785 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया जबकि इस स्पर्धा का स्वर्ण मलेशिया को मिला।भारतीय खिलाड़ियों ने 10 और 20 रैपिड फायर दौर में अच्छे अंक जुटाए लेकिन 30 और 40 के दौर में वे पिछड़ गईं। भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआती चार दौर में 197, 197, 195 और 195 का स्कोर हासिल किया। इस तरह वे कुल 785 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।मलेशिया की एमएच नुरासुरी और हुलिम नूर की जोड़ी ने कुल 793 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि सिंगापुर की शेव जियांग जेसमिन और चेंग जियान हुआन की जोड़ी ने 790 अंकों के साथ रजत पदक जीता।उधर, पुरुषों की 20 किलोमीटर वाक में भारत के हरमिंदर सिंह ने सबको चौंकाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। 26 साल के हरमिंदर ने एक घंटा 23 मिनट और 27 सेकेंड की अवधि के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इस तरह से भारत की झोली में कांस्य पदक गया।आस्ट्रेलिया के जैरेड टैलेंट ने एक घंटा 22 मिनट और 18 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। आस्ट्रेलिया के ही ल्यूक एडम्स ने एक घंटा 22 मिनटर 31 सेकेंड के साथ रजत पदक अपने नाम किया। टैलेंट ने बीजिंग ओलम्पिक में दो स्वर्ण जीते थे।महिलाओं की वाक स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी। रानी यादव छठे और संख्या जौली आठवें स्थान पर रहीं। महिलाओं की स्पर्धा का स्वर्ण इंग्लैंड की जो जैक्सन के नाम रहा।टेबल टेनिस की पुरुष टीम स्पर्धा में भारत ने नाइजीरिया को 3-0 से हराकर कांस्य पदक जीता। भारतीय टीम को शुक्रवार रात इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा था। परंतु यमुना स्पोर्ट्स कॉम्लेक्स में शनिवार को नाइजीरिया के खिलाफ भारतीय पुरुषों ने कोई चूक नहीं की।विश्व में 40वीं वरीयता वाले खिलाड़ी सारथ कमल ने अरुना आकिनादे को 11-7, 11-4, 11-3 से पराजित किया। भारत के एक अन्य खिलाड़ी एंथनी अमलराज ने मंडे मेरोतुहान को 11-4, 11-7, 11-4 से मात दी।इसी के साथ तीसरे मुकाबले में अभिषेक रविचंद्रन ने सेउन आजेतुनमोबी को 14-16, 11-6, 11-8, 11-7 से हराया। जीत से उत्साहित भारतीय टीम के मुख्य कोच मैसिनो कांस्ताटिंनी ने आईएएनएस से कहा, हमें फाइनल में पहुंचने की उम्मीद थी लेकिन मैं कांस्य से भी खुश हूं।इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।*