नस्लीय टिप्पणी के बाद टीवी प्रस्तोता का भविष्य अनिश्चित
समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मुताबिक न्यूजीलैंड के प्रसारण प्रमुख रिक एलिस ने शुक्रवार रात कहा था कि अब हेनरी का भविष्य अनिश्चित है। वैसे उन्होंने इससे पहले कहा गया था कि इस घटना के लिए हेनरी को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा।
उन्होंने कहा है कि हेनरी के प्रसंग के बाद से लगातार उनकी शिकायतें आ रही हैं और कम्पनी को इनका सामना करना पड़ रहा है। जिसके बाद हर दिन मामले की दोबारा समीक्षा करनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि वह सप्ताहांत में और फिर सोमवार को बताएंगे कि इस मामले में क्या करना है।
माओरी मामलों के मंत्री पिटा शार्पल्स ने हाल ही एक साक्षात्कार में कहा था कि हेनरी को चले जाना चाहिए। इसके बाद से ही उनकी विदाई की खबरें आ रही हैं।
इस साक्षात्कार का रविवार को टीवीवन पर सुबह 10 बजे प्रसारण होगा।
शार्पल्स ऐसे दूसरे शीर्ष मंत्री हैं जिन्होंने 'ब्रेकफास्ट' शो के प्रस्तोता हेनरी की स्थिति पर संशय व्यक्त किया है।
इससे पहले संचार मंत्री स्टीवन जॉयसी ने सलाह दी थी कि हेनरी इस घटना का जिम्मा लें।
हेनरी की टिप्पणी पर भारत सरकार की तीखी प्रतिक्रिया के बाद से हेनरी की आलोचना शुरू हुई है।
गौरतलब है कि हेनरी ने पहले तो अपने शो के दौरान न्यूजीलैंड के भारतीय मूल के गवर्नर जनरल सर आनंद सत्यानंद के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की थी और फिर बाद में टीवीएनजेड की वेबसाइट पर एक वीडियो जारी हुआ था जिसमें उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नाम का आपत्तिजनक ढंग से उच्चारण किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।