मलेशिया ने लापता भारतीय की तलाश में मदद मांगी
चेन्नई के करोड़पति व्यापारी ए. मुथूराजा को अंतिम बार कथित रूप से दो वकील भाईयों के साथ देखा गया था। दोनों भाइयों को पिछले महीने मलेशियाई महिला उद्यमी सोसिलावती लाविया और अन्य तीन लोगों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
बताया जा रहा है कि मुथूराजा ने अपनी पत्नी ऊषारानी को बताया था कि यहां हवाईअड्डे पर उनकी मुलाकात वकील भाईयों से हुई थी।
ऊषारानी ने बताया कि इसके बाद कई दिनों तक उनका अपने पति से संपर्क नहीं हो पाया और उन्होंने भारतीय उच्चायोग में मामले की शिकायत दर्ज कराई।
मुथूराजा की पत्नी ने आरोप लगाया है कि बिचौलिये के जरिए 25,777 डॉलर का भुगतान करने के बाद भी प्रशासन ने उनके पति के बारे में पता लगाने से इन्कार कर दिया है।
मलेशियाई पुलिस ने अपने भारतीय समकक्षों से मुथूराजा के परिजनों के डीएनए नमूने मांगे हैं।
बेंटिंग में सुनगई पंचौ नदी में मिली हड्डियों को देखते हुए अधिकारियों ने कहा है कि छानबीन के लिए पुलिस को व्यापारी के डीएनए नमूने की जरूरत है। माना जा रहा है कि करीब 20 लोगों की हत्या कर उनके शव नदी में फेंक दिए गए थे।
'द स्टार' समाचार पत्र के मुताबिक मलेशियाई पुलिस इस बात बारे में बिल्कुल सुनिश्चित नहीं है और उसे जांच के लिए डीएनए नमूनों की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।