•  

विमान में छिपकर सऊदी अरब से जयपुर पहुँचा

रविवार, दिसंबर 27, 2009,11:26 [IST]
Courtesy: BBCHindi.com

विमान में छिपकर सऊदी अरब से जयपुर पहुँचा


नारायण बारेठ

बीबीसी संवाददाता, जयपुर

राजस्थान में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक हबीब को गिरफ़्तार कर लिया है जो सऊदी अरब से एयर इंडिया के विमान के शौचालय में छुप कर भारत आ गया था. उसे एयर इंडिया के इस विमान के जयपुर उतरने के बाद शुक्रवार को हिरासत में ले लिया गया.

हबीब ने खुद को बेगुनाह बताया है और कहा है कि वो वहाँ मदीना एयरपोर्ट पर विमानों में सफ़ाई का काम करता था. लेकिन उसके नियोक्ता ने पासपोर्ट छीन लिया और उसे परेशान किया जाता था. लिहाजा वो इस तरीके से भारत चला आया.

जयपुर के पुलिस अधीक्षक बीजू जोर्ज जोसेफ़ का कहना था,'' हमने हबीब को गिरफ़्तार किया है. अभी उससे सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही है कि उसका कोई और मकसद तो नहीं था.''

पुलिस के मुताबिक विमान कर्मचारियों को विमान के उड़न भरने के बाद पता चला कि एक युवक बिना यात्रा दस्तावेज़ के सवार हो गया है. लिहाजा जयपुर पहुँचते ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया.

युवक ने पुलिस को बताया कि वो मुरादाबाद के मिलख मोहम्मद जामापुर का हबीब हुसैन है, कोई आतंकवादी नहीं है. एयर इंडिया का ये विमान हज यात्रियो को लेकर सऊदी अरब से जयपुर के लिए चला था.

उसने पुलिस को बताया कि उसे काफ़ी परेशान किया जाता था और यातनाएँ दी जाती थीं. वो भारत आना चाहता था, लेकिन आने नहीं दिया जा रहा था. वो मदीना एयरपोर्ट पर लोडर का काम करता था. उसने पुलिस से उसे वापस सऊदी अरब न भेजने की गुहार की है.

एक पुलिस अधिकारी ने बीबीसी से कहा,'' सरसरी तौर पर हबीब की बातें सही लग रही हैं, फिर भी सुरक्षा का मामला है इसलिए गहन पूछताछ की जा रही है.''

हबीब कुछ देर तक तो विमान के शौचालय में छुपा रहा. लेकिन जब दरवाज़ा खुलवाया गया तो विमान कर्मचारियों को उसकी मौजूदगी का पता चला. इसके बाद विमान में खलबली मच गई. हबीब ने पुलिस को बताया की उसे एक स्थान पर बैठा रहने के लिए कहा गया और जयपुर आने पर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. फिलहाल विमान अधिकारी और पुलिस हबीब से गहन पूछताछ कर रही है.
  Read:  In English 




BBC
User Comments
[ कमेंट लिखें ]
इस लेख पर दीजिए अपना कमेंट.
1st Test , Lord's Cricket Ground, St John's Wood
England won by 5 wickets