&13;भारत के दक्षिणी राज्य कर्नाटक स्थित कैगा परमाणु इकाई में कई कर्मचारी परमाणु विकिरण से प्रभावित हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.
&13;हालांकि इस घटना के बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन विभिन्न समाचार माध्यमों के अनुसार इन कर्मचारियों के शरीर में परमाणु विकिरण सामान्य से ज्यादा मात्रा में पाया गया है. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार कर्नाटक के उत्तरी कन्नडा ज़िले में स्थित ये परमाणु संयंत्र 20 अक्तूबर से रखरखाव के लिए बंद है.
&13;इस संयंत्र में 220 मेगावाट की तीन परमाणु इकाइयाँ हैं और चौथी इकाई काम करने के लिए लगभग तैयार है. ख़बरें हैं कि इन कर्मचारियों की तबियत बिगड़नी तब शुरू हुई जब उन्होंने संयंत्र में ही रखे गए एक वाटर कूलर का पानी पिया.
&13;प्रभावित कर्मचारियों की संख्या लगभग 45 बताई जा रही है. हालांकि विकिरण की थोड़ी मात्रा सामान्य बात है लेकिन ये कर्मचारी वास्तविक संयंत्र क्षेत्र में नहीं जाते.
&13;समाचारपत्र टाइम्स ऑफ़ इंडिया के अनुसार कैगा स्टेशन डायरेक्टर ए एम गुप्ता ने इस बारे में केवल इतना कहा,'' ये कर्मचारी खुले इलाक़े में काम करते हैं इसलिए इन कर्मचारियों में विकिरण की सामान्य से थोड़ी ज्यादा मात्रा पाया जाना आश्चर्यजनक है.'' इस घटना के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
