&13;उत्तर प्रदेश में मथुरा के पास बुधवार सुबह बड़ी रेल दुर्घटना हुई है.गोवा एक्सप्रेस ने पीछे से मेवाड़ एक्सप्रेस को टक्कर मार दी जिस कारण ये दुर्घटना हुई.
&13;स्थानीय पत्रकार सुनील शर्मा ने बताया कि 11 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं. दोनों ट्रेन दिल्ली की ओर जा रही थीं और एक ही ट्रैक पर थीं.
&13;मथुरा के ज़िलाधीश दिनेश चंद शुक्ल ने बीबीसी को बताया, "टक्कर गोवा एक्सप्रेस और मेवाड़ एक्सप्रेस के बीच हुई जिसमें मेवाड़ एक्सप्रेस की एक बोगी क्षतिग्रस्त हुई है. राहत कार्य चल रहे हैं लेकिन इस समय यह कह पाना मुश्किल है कि कितने लोग हताहत हुए हैं."
&13;
पीछे से टक्कर&13;स्थानीय पत्रकार सुनील शर्मा ने दुर्घटना के कुछ प्रत्यक्षदर्शियों से बात की.गोवा एक्सप्रेस की एक बोगी में सवार रवींद्र कुमार ने बताया, "भारतीय समयानुसार तड़के 4.30-5.00 के बीच का समय था और गाड़ी काफ़ी धीमी गति से चल रही थी जब एक झटका लगा. सभी यात्रियों को हमारी बोगी से उतार लिया गया."
&13;उनका कहना था, "हमने देखा कि गोवा एक्सप्रेस का इंजन मेवाड़ एक्सप्रेस की आख़िरी बोगी में घुस गया था. लेकिन इतनी बुरी तरह से यह घुसा था कि मेवाड़ एक्सप्रेस का रेल डिब्बा पूरी तरह से चिपक गया था."
&13;स्थानीय पत्रकार सुनील शर्मा के अनुसार इस समय रेलवे कर्मचारी गेस कटर से काट रहे हैं. रेल अधिकारियों के अनुसार मेवाड़ एक्सप्रेस के जिस डिब्बे को क्षति पहुँची वह महिला आरक्षित डिब्बा था.
&13;भारत में रेल दुर्घटनाओं को लेकर रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है. इसी साल रेल बजट के दिन उ़डीसा में जाजपुर के पास रेल दुर्घटना में क़रीब 15 लोग मारे गए थे.
&13;
