विदेश राज्यमंत्री एस. एम. कृष्णा राहुल से घंटों बात करते देखे गए। वाणिज्य व उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने भी शपथ लेने के बाद उनसे काफी देर बातचीत की। वैसे राहुल ज्योतिरादित्य सिंधिया, अरूण यादव, जितिन प्रसाद और अन्य युवा सांसदों के साथ पीछे की कुर्सी पर बैठे थे।
युवा सांसदों ने जमकर बटोरी तालियां:-
शपथ लेने के दौरान सभी दलों के युवा सांसदों ने जमकर तालियां बटोरीं। सबसे अधिक तालियां बटोरने वालों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की युवा नेता और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री अगाथा संगमा रहीं। सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भी अगाथा के शपथ लेने के बाद खूब तालियां बजायीं।
थरूर ने मोहा सबका मन:-
संयुक्त राष्ट्र संघ में पदाधिकारी रहे और पहली दफा संसद पहुंचे शशि थरूर ने शपथ ग्रहण के दौरान अपनी अंग्रेजी से सबका मन मोह लिया। वह तिरंगे के रंग का अंगवस्त्रम और वेश्ती पहनकर आए थे। थरूर के शपथ लेने के बाद सोनिया गांधी, लालकृष्ण आडवाणी, लालू प्रसाद यादव और शरद यादव तक ने खड़े होकर हाथ मिलाया और बधाइयां दीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

















