
नई दिल्ली। सत्ता के गलियारे में राजनीतिक दलों के बीच गठजोड़ का दौर शुरू हो गया है। इसी उठापटक के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ क्या थाम लिया, कि राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को यह बात हजम नहीं हुई। इस गठजोड़ पर लालू ने अपनी ऐसी भड़ास निकाली कि नरेंद्र मोदी को कातिल करार देते हुए नितीश को कातिल का साथी कह डाला।
कुछ दिन पहले तक नरेंद्र मोदी को भ्रष्ट नेता करने वाले नितीश कुमार लुधियाना में रविवार को राष्ट्रीय जन तांत्रिक गठबंधन (राजग) की रैली में नरेंद्र मोदी के साथ दिखे। मोदी और नितीश के इस मिलन की बात लालू प्रसाद यादव को रास नहीं आई।
धर्मनिरपेक्षता एक नाटक
पत्रकारों से बातचीत के दौरान रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव इस बात पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी कातिल हैं और नितीश कुमार उनका साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश नरेंद्र मोदी के बिना रह ही नहीं सकते, इसलिए इस तरह हाथ मिलाकर उन्होंने भी बता दिया कि वे भी कातिल हैं।
लालू इस बात को लेकर राहुल गांधी पर भी गरजे। असल में राहुल गांधी ने नितीश कुमार को धर्मनिरपेक्ष नेता करार दिया था। इस पर लालू ने कहा कि नितीश कुमार के लिए धर्मनिरपेक्षता एक नाटक है और वो उसी समय खत्म हो गया, जब उन्होंने नरेंद्र मोदी से हाथ मिलाया।
&13;




















