
लॉस एंजिलिस। हॉलीवुड के एक्शन स्टार सिलवेस्टर स्टैलोन के बड़े बेटे सैज मूनब्लड स्टैलोन को उनके लॉस एंजिलिस स्थित अपार्टमेंट में मृत पाया गया। वेबसाइट टीएमजेड में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि उनकी मौत के बारे कुछ भी स्पष्ट नहीं है लेकिन अत्यधिक मात्रा में नशीली दवाओं के सेवन की आशंका जताई जा रही है क्योंकि अधिकारियों को वहां दवाओं की कई खाली शीशियां मिली हैं।
पुलिस ने बताया कि जब उसने सब ठीक है या नहीं देखने के लिए पता करना चाहा तो जूनियर स्टैलोन मृत मिले। लेकिन उनके वकील जॉर्ज ब्रन्स्टीन ने बताया कि सैज को उनके एक हाउसकीपर ने मृत पाया। डाक्टरों को तत्काल बुलाया गया लेकिन उन्होंने सैज को मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी यह पता करने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या सैज की मौत दुर्घटनावश हुई या उन्हें मारा गया। वेबसाइट में विधि प्रवर्तन सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि सैज की मौत आत्महत्या प्रतीत नहीं होती क्योंकि वहां कोई सुससाइड नोट नहीं मिला है।
सिलवेस्टर स्टैलोन अपने बड़े पुत्र के असामयिक निधन ने स्तब्ध और सदमे में हैं। अपने पिता के साथ दो फिल्मों में काम कर चुके सैज स्टैलॅन और उनकी पहली पत्नी साशा चेक के बड़े पु़त्र थे।


















