बॉलीवुड के सफल निर्देशक करन जौहर की शाहरुख खान से दोस्ती इतनी मजबूत है कि वो उनके आगे किसी को नहीं समझते। उनका मानना है कि वैश्विक पटल पर बॉलीवुड की छवि को प्रस्तुत करने में शाहरुख खान अमिताभ बच्चन से आगे हैं। करन ने यह बात ज़ी न्यूज़ को दिए गए साक्षात्कार में कही। इस इंटरव्यू में करन ने कई बातें ऐसी कहीं, जिनसे शायद आप उनसे नाराज़ भी हो जायें।
टेलीविजन चैनल ज़ी न्यूज को दिए गए साक्षात्कार में एक तरफ उन्होंने खुद को समाज के प्रति जिम्मेदार फिल्म निर्माता बताया और दूसरी तरफ जब टॉक शो कॉफी विद करन में सामाजिक जिम्मेदारी की बात आयी तो उन्होंने पल्ला झाड़ लिया।
इंटरव्यू में अपने करियर के शुरुआती दौर पर नज़र डालने के बाद जब उनसे अन्य फिल्म निर्माताओं के बारे में पूछा गया, तो वे बोले कि अन्य के मुकाबले वे ज्यादा जिम्मेदार हैं और समाज के प्रति जिम्मेदारी को समझते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में बनीं दबंग और गोलमाल-3 सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए बनी, जबकि उनकी माई नेम इज खान और दोस्ताना जैसी फिल्मों ने समाज को एक आइना दिखाने का काम किया।
बॉलीवुड में एकता की कमी
करन से जब बॉलीवुड के बारे में गहराई से पूछा गया तो बोले कि बॉलीवुड में एकता कतई नहीं है। यहां तक पूरे देश में एकता की कमी है, सिर्फ कहने के लिए हम हिन्दू, मुस्लिम भाई-भाई हैं, लेकिन अंतरिक मतभेत बहुत ज्यादा हैं।
करन से जब यह पूछा गया कि वैश्विक पटल पर भारतीय सिनेमा की छवि को किसने ज्यादा मजबूत किया- अमिताभ या शाहरुख? तो करन ने शाहरुख का नाम लिया। उन्होंने कहा कि अमिताभ एक लीजेंड अभिनेता जरूर हैं, लेकिन वैश्विक स्तर पर शाहरुख ज्यादा सफल हैं। वहीं अभिनेत्रियों में उन्होंने ऐश्वर्या राय बच्चन का नाम सबसे ऊपर लिया। उन्होंने कहा कि ऐश्वर्या ने बॉलीवुड को ग्लोबल पहचान दी।
वेक अप सिड के विवाद पर पूछे जाने पर करन ने कहा कि उन्होंने शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे से माफी नहीं मांगी थी, वे सिर्फ उनसे बात करने गये थे।
ट्विटर पर और कॉफी विद करन में सामाजिक मुद्दे उठाये जाने के सवाल पर करन ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि वे अभी बहुत छोटे हैं, इन सब कामों के लिए फिल्म इंडस्ट्री में बहुत लोग हैं। उनका यह इंटरव्यू इंडिया फर्स्ट नाम के कार्यक्रम में शायना एनसी ने लिया था।



















