
सलमान खान यारों के यार हैं और दुश्मनों के दुश्मन तभी तो उनसे कोई पंगा नहीं लेता है वो केवल बॉलीवुड के ही दबंग नहीं बल्कि रियल लाईफ में भी दबंग से कम नहीं है। इस समय अजय देवगन बनाम शाहरूख खान की जंग चल रही है। खबर है कि यशराज ने अजय की 'सन ऑफ सरदार' की रिलीज डेट को बढ़ाने के लिए दवाब दे रही है जिसे रोकने के लिए अजय देवगन ने लीगल नोटिस भिजवाया था जिसे कि खारिज कर दिया गया है।
जिसके बाद अजय देवगन ने कहा कि एक तो मेरी फिल्म एसओएस के लिए संकट खड़ा है वहीं दूसरी ओर मीडिया मुझे खलनायक बनाने पर तुली है। अब अजय देवगन की इस परेशानी का हल कैसे निकलता है यह तो बाद में पता चल पायेगा लेकिन अपनी दोस्त की परेशानी का बदला लेने का पूरा प्लान सलमान मियां ने तैयार कर लिया है।
खबर है जो स्थिति इस समय जब तक है जान और सन ऑफ सरदार के लिए उत्पन्न हो रही है वही हाल अगले साल शाहरूख की फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस और सलमान की फिल्म किक के साथ होगा। जो कि दिवाली पर प्रदर्शित होगी। अंदर की खबर रखने वालों के मुताबिक जो हाल शाहरूख मियां अजय देवगन के साथ कर रहे हैं वही हाल सल्लू मियां अगले साल शाहरूख के साथ करेंगे और अपनी फिल्म भी किंग खान के साथ ही रिलीज करेंगे ताकि उन्हें भी तो पता चले लोगों को परेशान करने का क्या मतलब होता है।
वैसे मालूम हो कि सलमान मियां अजय की फिल्म एसओएस का प्रमोशन भी कर रहे हैं और उन्होंने उनकी फिल्म में एक आयटम सांग भी किया है। अब आप ही बताइये कि क्या सल्लू मियां का यह कदम सही है?


















