
आपने फिल्म करन अर्जुन का वो डायलॉग जरूर सुना होगा, जिसमें सलमान खान शाहरुख़ से कहतें हैं "भाग अर्जुन भाग, अर्जुन तू भाग...।" अब हो सकता है आपको फिल्म इंडस्ट्री में एक नया डायलॉग सुनने को मिले जिसमें बॉलीवुड के सहकलाकार निर्देशक और एक्टर फरहान अख्तर से कहेंगे, "भाग मिल्खा भाग..." अगर सूत्रों की मानें तो आजकल डैशिंग फरहान अख्तर हर संभव कोशिश में है की कैसे वो अपने लुक को बदलें और एक 17 साल के किशोर से अपनी बराबरी कर लें।
वहीं अगर फरहान की नए लुक को देखें तो अपने आप ही लगेगा की फरहान में एक जबरदस्त बदलाव आया है। अब आप सोंच रहे होंगे की आखिर ऐसी क्या वजह है, जिसके लिए फरहान को एक 17 साल का किशोर बनना पड़ रहा है। चलिए हम आपको बताते हैं कि आखिर माजरा क्या है।
निर्देशक फरहान आज कल अपनी आने वाली फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' में व्यस्त हैं। जहां ये मशहूर धावक मिल्खा सिंह की जवानी के उन दिनों को परदे पर निभा रहे हैं, जब वो सेना में काम करते थे और उस वक्त मिल्खा की उम्र महज 17 साल थी।
अगर फरहान के नजदीकी सूत्रों की माने तो इस फिल्म में अपने किरदार को एक रियल फील देने के लिए फरहान आजकल आर्मी के कैंटोनमेंट एरिया में ट्रेनिंग कर रहे हैं। फरहान की दिन भर की गतिविधियों से आपको अंदाजा लग गया होगा कि वो फिल्म में एक दम रियल फील देने वाले हैं। खैर जो भी हो, फिल्म दिलचस्प होगी और हम सभी उसे देख कर जरूर कहेंगे, "वाह फरहान भाई वाह"।





















